| | | | |

‘अस्पताल लाए तो पता चला बेटी मां बनने वाली है’… 15 साल की मासूम की चीख ने झकझोरा; देखें VIDEO…

‘वह तो रोज की तरह हमारे साथ ही रहती थी, खेलती-कूदती थी…हमें जरा भी अहसास नहीं था कि उसके साथ इतना बड़ा छल हुआ है। जब पेट में असहनीय दर्द हुआ तो हम उसे इलाज के लिए अस्पताल लाए। यहां जब डॉक्टरों ने बताया कि हमारी 15 साल की मासूम बेटी मां बनने वाली है तो हमारे पैरों तले जमीन खिसक गई।

यह दर्द उस बेबस पिता का है, जिसकी 15 वर्षीया नाबालिग बेटी ने सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे जिला अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया। जो उम्र खेल-कूद, पढ़ाई-लिखाई और खिलखिलाने की थी, उस मासूम उम्र में एक बच्ची को इस दर्दनाक मानसिक और शारीरिक दौर से गुजरना पड़ा।

देखें वीडियो…

 

नौवीं पास कर संजोए थे सपने, अब भविष्य पर उठा सवाल

मासूम बच्ची ने हाल ही में 9वीं कक्षा पास की थी और 10वीं की पढ़ाई के लिए फॉर्म भी भरा था। पिता सरकारी गौशाला में मवेशियों को चराकर परिवार का पेट पालते हैं। परिजनों ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि घर की खुशियों को किसी की ऐसी नजर लग जाएगी।

जिसने हमारी बच्ची की जिंदगी बर्बाद की, उसे मिले सख्त सजा’

घटना के बाद से ही परिवार सदमे में है। रोते-बिलखते परिजनों की आंखों में सिर्फ एक ही सवाल है कि आखिर उनकी मासूम बच्ची का यह हाल करने वाला कौन है। परिजनों ने रुंधे गले से गुहार लगाते हुए कहा है कि प्रशासन से हमारी यही हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि हमारी बच्ची का भविष्य अंधकार में धकेलने वाले दरिंदे को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और उसे ऐसी सख्त से सख्त सजा मिले, जो मिसाल बन सके।

पुलिस ने लिए बयान, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

मामले में कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर नियमानुसार पीड़िता के बयान लिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं, लेकिन इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। हालांकि आरोपी के खिलाफ फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Share