कोलंबो वॉर्मअप मैच: उंगली की चोट के बाद लौटे शुभमन गिल; भारत को मिला 207 रन का लक्ष्य

कोलंबो में भारत और श्रीलंका क्रिकेट XI के बीच खेले जा रहे तीन दिवसीय अभ्यास मैच के तीसरे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल मैदान पर लौटे। उंगली में चोट लगने के बाद वे पहली बार बल्लेबाजी करते नजर आए। टी-ब्रेक तक भारत ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 52 रन बना लिए थे। शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर मौजूद थे।

भारत ने दिन की शुरुआत अपनी पहली पारी 357/6 के स्कोर पर घोषित करके की। इसके जवाब में श्रीलंका क्रिकेट XI ने दूसरी पारी में 45 ओवर में 6 विकेट पर 200 रन बनाकर पारी समाप्त घोषित कर दी। इस तरह भारत को जीत के लिए 207 रन का लक्ष्य मिला। इससे पहले मेजबान टीम ने पहली पारी में 363/8 रन बनाए थे।

चोट के बाद पहली बार दिखे गिल
अभ्यास मैच शुरू होने से पहले गुरुवार को ट्रेनिंग के दौरान शुभमन गिल की दाहिने हाथ की उंगली में चोट लगी थी। एहतियातन वे मुकाबले के पहले दो दिन मैदान पर नहीं उतरे। हालांकि तीसरे दिन उन्होंने बल्लेबाजी करके वापसी की।

All Eyes On Captain Gill: A New Era Begins For Indian Cricket | Sports  Video / Photo Gallery

केएल राहुल ने संभाली थी कप्तानी
गिल की अनुपस्थिति में केएल राहुल ने भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी निभाई। पहली पारी में गिल बल्लेबाजी करने नहीं आए थे। उस पारी में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार नाबाद 142 रन बनाए।

श्रीलंका क्रिकेट XI की दूसरी पारी
मेजबान टीम के लिए निशान फर्नांडो ने 63 रन बनाए। निपुन धनंजया ने 46 और अंजला बंडारा ने 35 रन का योगदान दिया। रमेश मेंडिस 16 रन बनाकर नाबाद लौटे।

भारतीय गेंदबाजों में रवींद्र जडेजा और गुरनूर बरार ने दो-दो विकेट हासिल किए। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली।

भारत की पहली पारी में पडिक्कल चमके
भारत ने पहली पारी में 90 ओवर में 6 विकेट पर 357 रन बनाए। देवदत्त पडिक्कल 142 रन बनाकर नाबाद रहे। रवींद्र जडेजा ने 63, मानव सुथार ने 41, केएल राहुल ने 40 और गुरनूर बरार ने नाबाद 36 रन जोड़े।

श्रीलंका क्रिकेट XI की ओर से रमेश मेंडिस और असंका मनोज ने दो-दो विकेट लिए, जबकि विश्वा फर्नांडो और केशारा नुवान्था को एक-एक विकेट मिला।

चोटों से परेशान भारतीय टीम
भारत की टीम अगले सप्ताह गॉल में शुरू होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अभियान की तैयारी कर रही है। इससे पहले टीम को चोटों का सामना करना पड़ा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पहले ही टीम से बाहर हो चुके हैं।

Share