पूर्व पार्षद अनवर डकैत दोबारा गिरफ्तार: फर्जी दस्तावेजों से बनवाया आर्म्स लाइसेंस; हाल ही में मिली थी जमानत

इंदौर। पूर्व पार्षद अनवर डकैत को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। फर्जी आर्म्स लाइसेंस प्रकरण में अनवर पर कार्रवाई की गई। आरोपी को हाल ही में एक अन्य मामले में न्यायालय से जमानत मिली थी। जेल से बाहर आते ही पुलिस ने पुराने दर्ज प्रकरण में उसे हिरासत में ले लिया।
पहले से दर्ज था धोखाधड़ी का केस
अनवर हिंदू युवतियों के शोषण और कथित लव जिहाद फंडिंग मामले के भी आरोपी है। अनवर पर आरोप है कि उसने जम्मू-कश्मीर के कठुआ से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पहले 12 बोर बंदूक खरीदी। बाद में पिस्तौल का आर्म्स लाइसेंस प्राप्त किया। पहले से दर्ज धोखाधड़ी के प्रकरण के आधार पर अब उसकी दोबारा गिरफ्तारी की गई है।
नकली दस्तावेजों से बनवाया आर्म्स लाइसेंस
डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत ने इस बात की जानकारी दी है। अनवर के खिलाफ पिछले साल सितंबर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई। कथित रूप से नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर आर्म्स लाइसेंस हासिल किया।
अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका रही। कौन-कौन से दस्तावेज लगाए गए। पूरे नेटवर्क में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं। मामले में दस्तावेजों और लाइसेंस जारी होने की प्रक्रिया की जांच हो रही है।