|

सिंगरौली में प्रसव के बाद महिला को खाट से पहुंचाया घर: दो किलोमीटर पैदल चले; उफनते नाले को किया पार

सिंगरौली। सड़क नहीं होने से प्रसव के बाद परिजन महिला को खाट पर लादकर घर लाए। महिला को करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचाया। इस दौरान उफनते नाले को भी पार करना पड़ा।

घटना ग्राम पंचायत बरहट के भटवा टोला की है। यहां से बदहाल सड़क व्यवस्था की तस्वीर सामने आई है। सड़क नहीं होने से अस्पताल से घर लौट रही महिला को परिजन खाट पर घर लाए। परिजनों को दो किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। इस दौरान उफनाते नाले को भी पार करना पड़ा।

पक्की सड़क के अभाव में नहीं आ पाई एम्बुलेंस 
महिला का नाम इंद्रावती द्विवेदी, पति सोमेश्वर द्विवेदी है। डिलीवरी के बाद स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस उन्हें अस्पताल से लेकर गांव के लिए रवाना हुई। गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण एम्बुलेंस मुख्य मार्ग से आगे नहीं जा सकी। महिला को वहीं उतारना पड़ा।

बुजुर्गों और बच्चों को होती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में भटवा टोला का संपर्क अक्सर बाधित हो जाता है। सड़क के अभाव में मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन सेवाएं भी गांव तक नहीं पहुंच पातीं। उन्होंने प्रशासन से भटवा टोला तक जल्द पक्की सड़क और पुलिया निर्माण की मांग की है।

विधानसभा क्षेत्र में सड़क बनने का दांवा  
हाल ही में प्रदेश की राज्य मंत्री राधा सिंह ने बातचीत में दावा किया था। उनके विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछ चुका है। लगभग सभी नदी-नालों पर पुलिया का निर्माण कराया जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा था कि कोई भी उनके विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों को देख सकता है।

Share