सिवनी में चलते ट्रक में आग: ड्राइवर की समझदारी से बची कंडक्टर की जान; ट्रक जलकर राख

सिवनी। गुरुवार सुबह एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। मामला घंसौर थाना क्षेत्र के कहानी गांव का है। चालक ने समझदारी दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। समय रहते खुद और कंडक्टर को बाहर निकाल लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया।
चलते ट्रक में अचानक भड़की आग
जानकारी के अनुसार, ट्रक सुबह करीब 5 बजे बटवानी क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने ट्रक को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया। दोनों लोग वाहन से बाहर निकल गए।

दमकल पहुंचने में देरी, ट्रक पूरी तरह जला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद भी दमकल वाहन समय पर मौके पर नहीं पहुंच सका। इस वजह से आग ने कुछ ही देर में पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही घंसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।