इंदौर जिला सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026: नैवैद्य और कनिका पहली बार बने चैंपियन; समारोह में कई दिग्गज शामिल

इंदौर। जिला बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित रूसी पुनेगर स्मृति इंदौर जिला सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में जूनियर खिलाड़ी नैवैद्य टोंडे और कनिका जाट ने अपने करियर में पहली बार इंदौर जिला सीनियर पुरुष एवं महिला एकल खिताब जीतकर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। पुरुष युगल में भी जूनियर खिलाड़ियों की जोड़ी कन्हैया शर्मा व ओम पटेल ने खिताब पर कब्जा किया।
एकल वर्ग में पहली बार बने जिला चैंपियन
पुरुष एकल फाइनल में नैवैद्य टोंडे ने कन्हैया शर्मा को 15-7, 15-11 से पराजित कर पहली बार इंदौर जिला सीनियर पुरुष एकल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। महिला एकल कनिका जाट ने शीर्ष वरीयता प्राप्त ओजस्वी भोमिया को बेहद रोमांचक मुकाबले में 18-20, 15-10, 16-14 से पराजित कर पहली बार जिला सीनियर महिला एकल खिताब अपने नाम किया।
युगल और मिश्रित युगल के विजेता भी हुए सम्मानित
पुरुष युगल फाइनल में ओम पटेल एवं कन्हैया शर्मा की जोड़ी ने अनिकेत परदेसी एवं वत्सल सोमन को 15-13, 15-11 से पराजित किया। महिला युगल में गौरी चिट्टे एवं स्वाति सोलंकी की जोड़ी ने कनिका जाट एवं कृति तिवारी को 15-9, 15-12 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मिश्रित युगल के फाइनल में अनिकेत परदेसी एवं स्वाति सोलंकी की जोड़ी ने कन्हैया शर्मा एवं कृति तिवारी को 15-11, 15-4 से पराजित कर मिश्रित युगल का खिताब अपने नाम किया।
पुरस्कार समारोह में कई दिग्गज रहे मौजूद
प्रतियोगता का समापन एवं पुरस्कार वितरण राजेश डंडोतिया (एसीपी, साइबर क्राइम) के आतिथ्य में हुआ। समारोह की अध्यक्षता प्रतियोगिता के प्रायोजक सुमित घोरावत एवं सह प्रायोजक प्रकाश धाकड़ ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी सीमा बापना (भंडारी), श्याम मंगल (पूर्व राज्य बैडमिंटन चैंपियन) तथा शोभा अग्रवाल (राठी) (पूर्व राज्य महिला युगल बैडमिंटन चैंपियन) मौजूद थे। समारोह में रजनीश जैन, श्वेतांग वर्मा, श्रीमती कमलप्रीत कौर नैयर, कोच गौरव नमन सिंह एवं पराग गुप्ता भी उपस्थिति थे।
आयोजकों और संचालन टीम का किया सम्मान
अतिथियों का स्वागत इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के मानद सचिव श्री आर. पी. एस. नैयर, संघ अध्यक्ष डॉ. अनिल भंडारी, मनीष त्रिवेदी एवं रवि गुप्ता ने किया। इस मौके पर स्पर्धा के सफल संचालन के लिए सुधांशु व्यास, राज ठाकुर, मनीष त्रिवेदी, रजनीश जैन और रूबी नैय्यर का भी सम्मान किया गया।
रूसी पुनेगर के योगदान को किया याद
समारोह को संबोधित करते हुए सुमित घोड़ावत ने स्वर्गीय रूसी पुनेगर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी कोचिंग शैली, अनुशासन, खिलाड़ियों के प्रति समर्पण एवं तकनीकी मार्गदर्शन ने मध्यप्रदेश बैडमिंटन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज भी उनके द्वारा दिए गए संस्कार एवं प्रशिक्षण की पद्धति खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने भविष्य में भी खिलाड़ियों के हित में ऐसे आयोजनों को निरंतर सहयोग देने का विश्वास व्यक्त किया।