आलीराजपुर की जनसुनवाई में शिकायत मिलते ही समाधान: पेंशन हुई मंजूर; कलेक्टर के निर्देश पर जल्द कार्रवाई

आलीराजपुर। जनसुनवाई में आए आवेदनों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देश पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और छात्रा की टीसी से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को राहत दी गई।
ग्राम पंचायत नानपुर निवासी शांतीबाई ने शासकीय योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत जनसुनवाई में की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग ने उनका सामाजिक सुरक्षा पेंशन आवेदन ऑनलाइन स्वीकृत कराया। साथ ही स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार की व्यवस्था भी कराई गई।
दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन के मामलों में भी कार्रवाई
ग्राम सोमकुवा निवासी मीरा रावत को सामाजिक सुरक्षा दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन पेंशन स्वीकृत कर दी गई। नाथी वेस्ता के वृद्धावस्था पेंशन प्रकरण में जांच के दौरान फरवरी 2026 तक की राशि जमा होना पाया गया। मार्च से जुलाई 2026 तक की पेंशन बैंक स्तर पर रुका होने के कारण शासन स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया जारी है।
कलेक्टर के निर्देश पर छात्रा को मिली टीसी
जनसुनवाई में निजी एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल की कक्षा तीसरी की छात्रा मुबस्सीरा अजमेरी का मामला भी सामने आया। छात्रा के पिता अब्दुल सलाम अजमेरी ने शिकायत की थी कि फीस बकाया होने के कारण स्कूल SLC (टीसी) जारी नहीं कर रहा है।
कलेक्टर नीतू माथुर ने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना और स्कूल प्रबंधन को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद स्कूल ने छात्रा की SLC जारी कर दी, जिससे उसका शासकीय स्कूल में प्रवेश संभव हो सका। जल्द से जल्द कार्रवाई पर परिजनों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
समय सीमा में निराकरण के निर्देश
कलेक्टर नीतू माथुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।