भोपाल में ‘किताब से कल तक’ कार्यक्रम में शामिल हुए CM: छात्र कैबिनेट की तारीफ की; कहा- आज की छात्राएं कल का भविष्य

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में आयोजित ‘किताब से कल तक’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने स्कूल में बनी छात्र कैबिनेट की तारीफ की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राएं मिलकर पढ़ाई और स्कूल की दूसरी व्यवस्थाओं में मदद कर रही हैं। इससे उनमें नेतृत्व करने की क्षमता, जिम्मेदारी निभाने की आदत और आत्मविश्वास बढ़ रहा है।
बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए काम कर रही सरकार
डॉ. यादव ने कहा कि सरकार बच्चों के अच्छे भविष्य और बेहतर विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा पर किया गया खर्च आने वाले समय में प्रदेश और देश का भविष्य बेहतर बनाएगा।
ड्रॉपआउट शून्य होना अच्छी बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में एक भी बच्चे का पढ़ाई छोड़ना नहीं बड़ी उपलब्धि है। यह दिखाता है कि सरकार बच्चों को स्कूल से जोड़े रखने और अच्छी शिक्षा देने के लिए काम कर रही है।
कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं से नियमित पढ़ाई करने, किताबें पढ़ने और अच्छी सोच के साथ आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज की छात्राएं ही कल के समाज और देश का भविष्य हैं।