ओंकारेश्वर में 8-9 अगस्त को ब्राह्मण महासभा की राष्ट्रीय बैठक: संगठन बढ़ाने, गायों की सुरक्षा और युवाओं को जोड़ने पर होगी बातचीत

इंदौर। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (पंजी.) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक 8 और 9 अगस्त 2026 को ओंकारेश्वर के नर्मदा प्लेस गार्डन, सनावद मार्ग पर आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित गोपालदत्त शर्मा करेंगे। इसमें देशभर से राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे।
महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) आचार्य विष्णु कौशिक और राष्ट्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने बताया कि 8 अगस्त को सुबह 8 बजे से पंजीयन और जलपान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
बैठक में संगठन के आजीवन सदस्यों से संपर्क बढ़ाने, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग की पवित्रता बनाए रखने, गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग तथा ब्राह्मण समाज में दैनिक संध्या और गायत्री जप के प्रति जागरूकता बढ़ाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
युवाओं को नेतृत्व में अवसर देने की बात
इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में युवा प्रतिनिधि रुद्र तिवारी ने कहा कि ब्राह्मण समाज द्वारा युवाओं को संगठन और समाज की अग्रिम पंक्ति में स्थान देना सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में अधिक अवसर मिलने से संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी।
ब्रजमोहन शर्मा बनाए गए संपर्क सूत्र
आयोजन की जानकारी के लिए पं. ब्रजमोहन शर्मा को संपर्क सूत्र बनाया गया है। आयोजकों ने सभी राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों और आमंत्रित प्रतिनिधियों से समय पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने का आग्रह किया है। प्रेस वार्ता में विकास मिश्रा, अनिल दुबे, विकास शुक्ला और अनमोल तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।