आबूधाबी फ्लाइट से आए यात्री के पास मिला करीब एक किलो सोना, डीआरआई ने एयरलाइंस कर्मचारियों से भी की पूछताछ

देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आबूधाबी से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से पहुंचे एक यात्री के पास से करीब एक किलो सोना बरामद किए जाने की सूचना है। यह कार्रवाई राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) सोमवार तड़के की। आबूधाबी से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान का निर्धारित आगमन तड़के करीब 3 बजे होता है। पिछले महीने ही मुख्यमंत्री ने इस सीधी उड़ान की शुरुआत की थी।
जांच के दौरान मिला एक किलो सोना
सूत्रों के अनुसार डीआरआई की टीम को पहले से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर फ्लाइट के इंदौर पहुंचने के बाद संबंधित यात्री की निगरानी की गई। जांच के दौरान उसके पास से एक किलो सोना बरामद हुआ। बरामद सोने की कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारी पर संदेह
मामले की जांच के दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस अथवा एयरपोर्ट से जुड़े एक कर्मचारी की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है। सूत्रों का कहना है कि डीआरआई अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारी से भी लंबे समय तक पूछताछ की है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पूछताछ के बाद कोई गिरफ्तारी हुई है या नहीं।
जल्द ही मामले का आधिकारिक खुलासा होगा
पूरे घटनाक्रम को लेकर डीआरआई, एयरपोर्ट प्रबंधन और एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारी मामले की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए कुछ भी कहने से बच रहे हैं। माना जा रहा है कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का आधिकारिक खुलासा किया जा सकता है। इससे पहले भी दुबई और शारजाह से आने वाली उड़ान के यात्रियों से सोना बरामद हो चुका है ।