झाबुआ में खाली घर से जेवर और नगदी ले गए चोर: माँ से मिलने गया था बेटा; CCTV में कैद हुई वारदात

झाबुआ। थांदला नगर के गवली मोहल्ले में सोमवार रात हथियारबंद चोरों ने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। किराए के मकान में रहने वाले इरशाद कुरैशी के घर का ताला तोड़कर बदमाश नगदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
माँ की तबीयत के कारण घर पर नहीं थे इरशाद
जानकारी के अनुसार इरशाद कुरैशी की माताजी का पैर फ्रैक्चर होने से वे सोमवार रात अपने माता-पिता के घर रुके हुए थे। इसी दौरान करीब छह बदमाश घर के बाहर पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने घर में रखी नगदी, सोने की चेन, सोने का हार और अन्य कीमती जेवरात चोरी कर लिए।
सुबह पता चला, पुलिस मौके पर पहुंची
सुबह जब चोरी की जानकारी मिली तो इरशाद कुरैशी ने तुरंत थांदला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है।
फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश
जांच में बदमाशों की हरकत कैमरे में दिखाई दी हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि चोरो की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।
क्षेत्र में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद गवली मोहल्ले सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।