| | | | | | | | | | |

BJP जिलाध्यक्ष का भतीजा बताकर ठग लिए 1 लाख: कहा- अक्सा इंस्टीट्यूट में होगी ट्रेनिंग; एयर होस्टेस की दिलाएंगे नौकरी

देवेंद्र मीणा, इंदौर/देवास। एयर होस्टेस की नौकरी दिलाने के नाम पर 1 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला आया है। आरोप है कि ठगों ने युवती को 40 हजार महीने की  नौकरी का झांसा दिया। उसके परिवार को भरोसे में लेकर एजुकेशन लोन कराया। लोन का पैसा अन्य खाते में ट्रांसफर करा लिया।

युवती को न नौकरी मिली और न ही पैसे वापस मिले। अब फाइनेंस कंपनी के द्वारा परिवार के लोगों को परेशान किया जा रहा है। उनसे लोन की किस्त जमा करने के लिए कहा जा रहा है। अब न्याय के लिए बेटी और उसके पिता कलेक्टर कार्यालय और SP ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

मोबाइल पर देखा था भर्ती का विज्ञापन
बालगढ़ स्थित गणेशपुरी वार्ड क्रमांक 43 निवासी आयुषी परमार ने बताया कि अगस्त 2025 में उसने मोबाइल पर एयर होस्टेस भर्ती का एक ऑनलाइन विज्ञापन देखा था। संपर्क करने पर कुछ लोगों ने दावा किया कि थोड़ी ट्रेनिंग के बाद उसे 40 हजार रुपए प्रतिमाह की नौकरी मिल जाएगी। अक्सा इंटरनेशनल एयर होस्टेस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का नाम बताया। कहा- इंदौर, भोपाल और लखनऊ में स्थित एक प्रमुख एविएशन और हॉस्पिटैलिटी ट्रेनिंग संस्थान है। यह संस्थान एयर होस्टेस, केबिन क्रू, एयरपोर्ट ग्राउंड स्टाफ और ट्रैवल मैनेजमेंट के लिए 70% प्रैक्टिकल और 30% थ्योरी आधारित ट्रेनिंग देता है।

परिवार से कहा- पैसे नहीं हैं तो लोन करा देंगे
आयुषी के अनुसार जब परिवार ने आर्थिक परेशानी बताई, तो आरोपियों में शामिल जोगिंदर सैंधव नामक व्यक्ति सहित अन्य लोग उनके घर पहुंचे। उन्होंने खुद को समाजसेवी बताते हुए कहा कि वे नौकरी लगवाने में मदद करेंगे और पैसों की व्यवस्था भी करवा देंगे।

माता के नाम से स्वीकृत कराया एजुकेशन लोन
परिवार के मुताबिक पहले पिता के नाम से लोन कराने की कोशिश की गई, लेकिन वह स्वीकृत नहीं हुआ। इसके बाद ‘Varthana Finance’ के माध्यम से युवती की माता के नाम से ऑनलाइन एजुकेशन लोन का आवेदन कराया गया।

खाते में नहीं आया पैसा, दूसरे खाते में पहुंची राशि
आरोप है कि लोन स्वीकृत होने के बाद 1 लाख रुपए की पूरी राशि युवती या उसके परिवार के खाते में नहीं आई। परिवार का कहना है कि बाद में पता चला कि पैसा किसी अज्ञात खाते में ट्रांसफर कर दिया गया है।


किस्त जमा करने के लिए आ रहे फोन
पीड़िता ने बताया कि अब फाइनेंस कंपनी की ओर से लगातार किस्त जमा करने के लिए फोन किए जा रहे हैं। किस्तें जमा नहीं होने के कारण परिवार तनाव में है और युवती का सीबिल स्कोर भी प्रभावित हुआ है।

संपर्क करने पर मिलती रहीं धमकियां
आयुषी का आरोप है कि जब उसने आरोपियों से पैसे और नौकरी के बारे में पूछा तो वे बहाने बनाने लगे। उन्होंने अपनी ऊंची पहुंच और प्रभावशाली लोगों से संबंध होने की बात कहकर दबाव बनाने की कोशिश भी की।

जनसुनवाई और कोतवाली में शिकायत
मामले से परेशान युवती ने देवास कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई और कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े की जांच की मांग की है। उसने लोन की राशि वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। शिकायत में जोगिंदर सैंधव का नाम सामने आया है। इस संबंध में उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।

Share