भोपाल में नई शिक्षा नीति पर मंथन: CM मोहन यादव की मौजूदगी में छात्र संघ चुनाव पर भी हुई चर्चा; छात्र संगठन कर रहे इंतजार

भोपाल। राजधानी भोपाल में मंगलवार को आयोजित एक दिवसीय शैक्षणिक कार्यशाला में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने छात्र संघ चुनाव को लेकर बड़ा संकेत देते हुए कहा कि सरकार इस संबंध में जल्द अहम फैसला ले सकती है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है और सरकार छात्र हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेगी।

नई शिक्षा नीति पर हुई कार्यशाला
प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में “उभरते ज्ञान क्षेत्र, उन्नत पाठ्यक्रम : दृष्टि, दिशा एवं क्रियान्वयन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में नई शिक्षा नीति, उन्नत पाठ्यक्रम और कौशल आधारित शिक्षा जैसे विषयों पर मंथन किया गया।
छात्र संघ चुनाव पर मुख्यमंत्री से हो चुकी है चर्चा
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि छात्र संघ चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा हो चुकी है। सरकार चुनाव की प्रक्रिया और व्यवस्था पर गंभीरता से विचार कर रही है, ताकि छात्रों के हितों के अनुरूप निर्णय लिया जा सके।

सरकार की प्राथमिकता है शांतिपूर्ण चुनाव हो
मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता छात्र संघ चुनाव पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराना है। इससे स्टूडेंट्स को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलेगा और शैक्षणिक वातावरण भी प्रभावित नहीं होगा।
सरकार के फैसले का इंतजार कर रहे छात्र संगठन
छात्र संगठनों और प्रदेशभर के स्टूडेंट्स की नजर सरकार के अगले फैसले पर टिकी है। अब यह देखना होगा कि छात्र संघ चुनाव को लेकर सरकार कब और किस स्वरूप में निर्णय लेती है।
