मऊगंज में डेढ़ साल की बच्ची की मौत: खेलते समय हुई थी गायब; अगले दिन नाले में मिला शव

मऊगंज। डेढ़ साल की बच्ची का शव नाले में मिला है। घटना हनुमना थाना क्षेत्र के लोढ़ी गांव के बैसखिया टोला की है। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। उसके बाद लापता हो गई। अगले दिन घर से करीब 200 मीटर दूर पानी से भरे नाले में उसका शव मिला।
रातभर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश करते रहे। सुबह शव मिलने से पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देर रात की खोज, दर्ज कराई गुमशुदगी
बच्ची का नाम सन्या साकेत (1 वर्ष 7 माह) है। बच्ची रविवार शाम 5 बजे घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने पहले आसपास तलाश की। ग्रामीणों की मदद से देर रात तक खोजबीन जारी रही। इसके बाद हाटा चौकी में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।
ग्रामीणों ने देखा शव
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पानी से भरे एक नाले में बच्ची का शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलते ही हाटा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि बच्ची की मौत पानी में डूबने से हुई है। हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रात में नहीं मिला था शव
परिजनों ने बताया कि रातभर गांव के लोगों के साथ नाले, कुओं और आसपास की जगहों पर बच्ची की तलाश की थी। तब उसका कोई सुराग नहीं मिला। ऐसे में मौत का कोई और कारण भी हो सकता है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।