भिलट देव शिखरधाम में नागपंचमी मेले की तैयारियां शुरू: कलेक्टर-एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा; श्रद्धालुओं की सुविधा पर फोकस

नागलवाड़ी। बड़वानी जिले के प्रसिद्ध भिलट देव शिखरधाम में 17 और 18 अगस्त को लगने वाले नागपंचमी मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली है। सोमवार को कलेक्टर जयति सिंह और पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल शिखरधाम पहुंचे। उन्होंने बाबा भिलट देव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मंदिर समिति के साथ बैठक कर मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने मेले के मुख्य आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि नागपंचमी मेले में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और साफ-सफाई की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वहीं एसपी ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं
भिलट देव शिखरधाम प्रदेश के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है। नागपंचमी पर मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात सहित कई राज्यों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रावण मास में लगने वाला यह दो दिवसीय मेला क्षेत्र का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन माना जाता है।
सभी विभागों को सौंपी जिम्मेदारी
प्रशासन ने मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, नगर परिषद, लोक निर्माण, वन विभाग और पुलिस सहित सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।