इंदौर निगम कर्मचारी पर पत्नी को जहर देने का आरोप: इलाज के दौरान महिला की हो गई मौत; पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल

इंदौर। दहेज प्रताड़ना और महिला की मौत के मामले में मृतका अमिता पुरोहित के परिजनों ने पति और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि नगर निगम कर्मचारी ललित पुरोहित ने उनकी पत्नी को जहर दिया, जिसके बाद उन्हें सुयश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार अब मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
परिजनों का आरोप- दहेज प्रताड़ना और अवैध संबंधों से परेशान थी महिला
मृतका के परिजनों का आरोप है कि अमिता पुरोहित लंबे समय से दहेज प्रताड़ना, मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न का शिकार थीं। उनका यह भी आरोप है कि पति के अवैध संबंधों के कारण परिवार में लगातार विवाद होता था, जिसके चलते यह घटना हुई। परिजनों ने आरोपी पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
परिजनों का कहना है कि घटना की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन अब तक निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि गंभीर आरोपों के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई, जिससे परिवार में नाराजगी है।