रतलाम में बच्चों के सामने पत्नी का गला रेता: पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया; कहा -सीने पर बैठ कर चाकू से कर रहा था हमला

रतलाम। मोबाईल कारोबारी ने पत्नी का गला चाकू से रेत कर उसकी हत्या कर दी। घटना के दौरान घर में दो मासूम बच्चों मौजूद थे। बच्चों के सामने आरोपी सीने पर बैठ कर गले पर कर रहा था वार। पड़ोसियों ने जब आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को घटना स्थल से हिरासत में ले लिया। हत्या का कारण फिलहाल कुछ पता नहीं लगा है।
दो मासूम बच्चों के सामने हुई घटना
घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की है। मृतका की पहचान 33 वर्षीय रुकैया के रूप में हुई है। घर में दंपती की 7 वर्षीय बेटी और 2 वर्षीय बेटा भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान महिला ने बचाने के लिए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग घर की ओर दौड़े।
सीने पर बैठकर कर रहा था चाकू से वार
पड़ोसी शांतिलाल राठौर ने बताया कि महिला की चीख सुनकर वे अन्य लोगों के साथ घर के अंदर पहुंचे। उनके अनुसार, आरोपी असगर अली पत्नी के सीने पर बैठा था और उसके गले पर चाकू से लगातार वार कर रहा था। महिला गंभीर रूप से घायल थी और काफी खून बह चुका था।
पड़ोसियों को देखकर चिल्लाया आरोपी
आसपास के लोगों ने बताया कि जब वह उन्हें देखते ही आरोपी उनकी ओर चिल्लाने लगा। स्थिति को देखते हुए वे बाहर निकल आए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पड़ोसी सुशील राठौर ने बताया कि घटना के समय आरोपी के माता-पिता घर पर नहीं थे।
बेटी ने दादा को बताई पूरी घटना
पुलिस के अनुसार, मकान के नीचे आरोपी के पिता की हार्डवेयर की दुकान है। वारदात के बाद दंपती की बेटी नीचे पहुंची और अपने दादा को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी शव के पास ही मौजूद था। उसे वहीं से हिरासत में ले लिया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।