|

घर से भागी दुल्हन तीसरी मंजिल से गिरी, मौत: 5 दिन पहले रतलाम में हुई थी शादी; दलाल लिया था ढाई लाख

रतलाम। तीसरी मंजिल से नीचे गिरी महिला की मौत हो गई। उसकी 5 दिन पहले शादी हुई थी। दूल्हा पसंद नहीं आने के कारण वह घर से भाग रही थी। भागने के लिए उसने एक रस्सी का सहारा लिया। रस्सी टूटने के कारण वह लगभग 25 फीट नीचे गिर गई।

महिला बिहार की रहने वाली थी। उसकी शादीदलालों के जरिए हुई थी। दलाल ने ब्याह कराने के लिए 2 लाख 60 हजार लिए थे। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही ‘लुटेरी दुल्हन गिरोह’ के एंगल से भी पड़ताल की जा रही है।

रस्सी टूटी, 25 फीट नीचे रेत के ढेर पर गिरी
घटना 30 जुलाई की रात करमदी रोड क्षेत्र की है, जो शनिवार को सामने आई। वेल्डिंग का काम करने वाले 45 वर्षीय मुकेश चौहान ने 26 जुलाई को बिहार के रोहतास जिले के करवंदिया गांव निवासी 23 वर्षीय संध्या चौधरी से शादी की थी।

मुकेश के बताया, दोनों दूसरी मंजिल के कमरे में सो रहे थे, उनकी मां बसंतीबाई ग्राउंड फ्लोर पर थीं। देर रात संध्या ने दूसरी मंजिल के शेड पर लगे लोहे के पोल से रस्सी बांधी और नीचे उतरने लगी। करीब 10 फीट नीचे पहुंचते ही दो साल पुरानी रस्सी टूट गई और वह नीचे रेत के ढेर पर गिर गई।

पति की नींद खुली तो कमरे में नहीं मिली पत्नी
मुकेश ने बताया कि रात करीब 2 बजे उसकी नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं थी। लगा बाथरूम गई होगी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। पूरे घर में तलाश की और पड़ोसियों को बुलाया। घर के पीछे रेत के ढेर पर संध्या बेसुध पड़ी मिली।

उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। माणकचौक थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को दूसरी मंजिल से बंधी टूटी हुई रस्सी भी मिली।

पैसे देकर की थी शादी
मुकेश ने बताया कि उसकी शादी उज्जैन जिले के बड़नगर के जैथलाकलां निवासी मोहन के जरिए हुई थी। इसके लिए उसने 2.60 लाख रुपए दिए थे। घटना के बाद से मोहन का फोन बंद है।

मुकेश ने बताया कि शादी के समय उसकी मुलाकात संध्या की मां और भाई से कराई गई थी, लेकिन उनके नाम नहीं बताए गए। शादी की कानूनी प्रक्रिया कराने आए वकील ने फोटो और वीडियो बनाने से मना कर दिया था। बाद में पुलिस के कहने पर वकील ने व्हाट्सएप पर शादी की तस्वीरें भेजीं।

परिजन नहीं पहुचे, पति ने किया अंतिम संस्कार
पुलिस को जांच में पता चला कि संध्या ने मकान निर्माण के दौरान इस्तेमाल होने वाली दो साल पुरानी रस्सी से नीचे उतरने की कोशिश की थी। घटनास्थल से पोल से बंधा करीब 10 फीट लंबा टूटा हुआ रस्सी का टुकड़ा मिला। थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने मौके का निरीक्षण किया।

घटना की सूचना संध्या के परिजनों को बिहार में दी गई, लेकिन शनिवार तक कोई भी रतलाम नहीं पहुंचा। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव मुकेश को सौंप दिया। इसके बाद उसने पत्नी का अंतिम संस्कार कर दिया।

दलाल ने आत्महत्या की धमकी दी
मुकेश के अनुसार, बिहार में शादी की व्यवस्था राजेश नाम के व्यक्ति ने कराई थी। घटना के बाद उसने राजेश से संध्या के परिजनों को रतलाम भेजने और उसकी मां से वीडियो कॉल पर बात कराने को कहा, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। मुकेश का आरोप है कि दोबारा फोन करने पर राजेश ने जहर खाकर आत्महत्या करने की धमकी दी। बाद में उसने यह कहकर बात टाल दी कि संध्या की मां अंधी है।

दलालों की भूमिका और लुटेरी दुल्हन गिरोह के एंगल पर जांच
माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। शादी कराने वाले मोहन, बिहार के संपर्क सूत्र राजेश, महिला के परिजन, शादी की पूरी प्रक्रिया और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि महिला के परिजनों के रतलाम नहीं आने और दलालों के संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए शादी के नाम पर सक्रिय किसी संभावित लुटेरी दुल्हन गिरोह के एंगल से भी जांच की जा रही है। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share