|

आलीराजपुर पटवारी संघ चुनाव में नितेश अलावा फिर दिखा: दूसरी बार संभाली कमान; 180 पटवारियों ने किया मतदान

आलीराजपुर। मध्यप्रदेश पटवारी संघ, जिला आलीराजपुर की जिला स्तरीय बैठक एवं निर्वाचन प्रक्रिया सोमवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। निर्वाचन में जिले के 210 पटवारियों में से 180 ने मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान परिणाम में नितेश अलावा को सर्वाधिक बहुमत प्राप्त हुआ और वे पुनः जिला अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।

180 पटवारियों ने किया मतदान
निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और पटवारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कुल 210 में से 180 पटवारियों द्वारा मतदान किया जाना संघ के प्रति सदस्यों की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।

तहसील स्तर पर भी हुए चुनाव
निर्वाचन के दौरान अनिता चौहान को कार्यकारी अध्यक्ष, दयाराम कनेश को तहसील सोंडवा अध्यक्ष तथा दिनेश अलावा को तहसील कट्ठीवाड़ा अध्यक्ष चुना गया। साथ ही जिला कार्यकारिणी को पूर्ववत यथावत बनाए रखने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

संगठन की एकता की जीत
निर्वाचन उपरांत नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष नितेश अलावा ने सभी पटवारी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे पटवारी परिवार की एकता, विश्वास और संगठन की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रांतीय पटवारी संघ के आह्वान पर कैडर रिव्यू, पदोन्नति और अन्य लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन जारी है।

ऑनलाइन और तकनीकी कार्य बंद
अलावा ने बताया कि वर्तमान आंदोलन के तहत सभी प्रकार के ऑनलाइन और तकनीकी कार्य पूर्णतः बंद कर दिए गए हैं। शासन स्तर पर संघ की मांगों को लेकर लगातार वार्ता जारी है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकल पाया है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगी हड़ताल
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो प्रांतीय संघ के निर्देशानुसार आगामी चरण में “बस्ता रखकर” पूर्ण हड़ताल की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी पटवारी साथियों से संघ द्वारा जारी निर्देशों और ज्ञापनों का पूर्ण पालन करने तथा किसी भी प्रकार के तकनीकी कार्य से दूर रहने की अपील की।

बड़ी संख्या में पटवारी रहे उपस्थित
बैठक एवं निर्वाचन कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र मौरी, नरेन्द्र भवंर, किशोर बैरागी, भूरसिंह डावर, जिला कोषाध्यक्ष पदमलाल जमरा, राघू जमरा, तहसील आलीराजपुर अध्यक्ष राजू चौहान, राजू डावर, नवलसिंह डूडवे, संदीप चौहान, मीडिया प्रभारी नितेश डावर, हेमंत तोमर, दिलीप ओहरिया, सुरेश पीपलाज, कुंवरसिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जिले के पटवारी उपस्थित रहे।

Share