कनाडा में जंगल की आग के बीच ट्रेन से टकराया जलता ट्रक, कर्मचारियों ने पैदल भागकर बचाई जान

कनाडा के ओंटारियो प्रांत में भीषण जंगल की आग के बीच कैनेडियन नेशनल (CN) रेलवे के कर्मचारियों की जान उस समय बाल-बाल बच गई, जब घने धुएं के कारण विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई और आग की चपेट में आया एक ट्रक ट्रेन से टकरा गया। हालांकि, इस घटना में किसी कर्मचारी को चोट नहीं आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में ट्रेन के इंजन के चारों ओर जंगल में धधकती आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही हैं। आसमान नारंगी धुएं से ढका नजर आता है और कर्मचारी तत्काल निकासी की मांग करते सुनाई देते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।

कैनेडियन नेशनल रेलवे के अनुसार, घने धुएं के बीच एक ट्रक में आग लग गई थी, जिसके बाद वह ट्रेन से टकरा गया। हादसे के बाद सभी रेलवे कर्मचारी ट्रेन से उतरकर पैदल सुरक्षित स्थान तक पहुंचे।

घटना के बाद CN रेलवे ने एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में रेल सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दीं। साथ ही उत्तर-पश्चिमी ओंटारियो के आर्मस्ट्रॉन्ग कस्बे में तैनात कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

इस घटना को लेकर ओंटारियो की न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी (NDP) के विधायक सोल ममाक्वा ने रेलवे कंपनी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वीडियो रिकॉर्ड करने वाले कर्मचारी को कंपनी की कार्रवाई का डर है, जबकि उस समय उसकी प्राथमिकता अपनी जान बचाना थी। उन्होंने कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय उनका सहयोग करने की मांग की।

ओंटारियो प्रांतीय पुलिस (OPP) के मुताबिक, कॉलिन्स फर्स्ट नेशन के पास ज्वलनशील सामग्री ले जा रही तीन ट्रेनों को जंगल की आग के कारण रोक दिया गया है। फिलहाल आम लोगों के लिए तत्काल कोई खतरा नहीं बताया गया है, लेकिन रेलवे और आपातकालीन एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

उत्तर-पश्चिमी ओंटारियो में इस समय करीब 150 स्थानों पर जंगल की आग लगी हुई है। कई समुदायों में अनिवार्य निकासी के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को ‘रिस्ट्रिक्टेड फायर जोन’ घोषित करते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और आपातकालीन स्थिति के लिए आवश्यक सामान तैयार रखने की अपील की है।

Share