मां की संदिग्ध मौत, न्याय की गुहार लगाने एसपी ऑफिस पहुंचे अनाथ बच्चे
झाबुआ। काकनवानी थाना क्षेत्र के ग्राम परवलिया में जमीन विवाद के चलते एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अपने पिता को 2017 में खो चुके दो नाबालिग बच्चे अब अपनी मां की मृत्यु के बाद पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। न्याय की उम्मीद में ये बच्चे अपने परिजनों के साथ झाबुआ पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे हैं। बच्चों का आरोप है कि उनकी मां की हत्या जमीन हथियाने के उद्देश्य से की गई है।
मृतिका रमिला पति स्व. बंशीलाल सिंगाड़ की लाश 29 जून को संदिग्ध अवस्था में एक कुएं में मिली थी। मामले की भयावहता यह है कि मृतिका ने 13 मई को ही काकनवानी थाने में लिखित आवेदन देकर जमीन हड़पने की साजिश और अपनी व बच्चों की जान को खतरा होने की नामजद शिकायत की थी। आरोप है कि पुलिस ने उस समय समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसका खामियाजा महिला को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।
राजस्व रिकॉर्ड में सर्वे नंबर 312, 467 एवं 470 की जमीन मृतिका और बच्चों के नाम पर दर्ज है, जिसे लेकर परिजन अक्सर विवाद करते थे। जान के डर से रमिला कुछ समय मायके में भी रही, लेकिन खेती के काम से वापस लौटते ही वह साजिश का शिकार हो गई। मृतिका के भाई रायचंद डामोर ने भी 4 जुलाई को हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन सुनवाई न होने पर आज परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा। एडिशनल एसपी प्रतिपालसिंह महोबिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।