| | |

नीट पेपर लीक समेत 23 मांगों पर इंदौर में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट के बाहर मुंडवाए सिर

नीट पेपर लीक समेत 23 सूत्रीय मांगों को लेकर इंदौर में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले 14 दिनों से टंट्याभील चौराहे पर धरना दे रहे छात्र मंगलवार को रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य गेट के सामने सड़क पर बैठकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने से नाराज कुछ छात्रों ने विरोध स्वरूप अपने सिर भी मुंडवा लिए। छात्र तीन घंटे से अधिक समय तक नारेबाजी करते रहे और मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते रहे।

नीट पेपर लीक सहित 23 मांगों पर अड़े छात्र

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों में नीट पेपर लीक मामले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों का समाधान शामिल है। उनका कहना है कि जब तक सभी 23 मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

कलेक्ट्रेट के बाहर किया प्रदर्शन

रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्रों ने मुख्य गेट के सामने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी का मिला समर्थन

छात्रों के आंदोलन को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का भी समर्थन मिला है। पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके ने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और आंदोलन के प्रति समर्थन जताया। आंदोलन में पार्टी समर्थक राहुल राठौर भी शामिल हुए। राहुल राठौर ने कहा कि वे युवाओं के मुद्दों के समर्थन में आंदोलन का हिस्सा बने हैं और नियमित रूप से बाइक राइड के जरिए युवाओं को जागरूक करने का अभियान भी चलाते हैं।

आंदोलन और तेज होने के संकेत

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से बातचीत की कोशिशें जारी हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी सहमति की जानकारी सामने नहीं आई है।

Share