| |

सब्जी विक्रेता से दिनदहाड़े मारपीट, पत्थरों से हमला; फालिया-गोफन दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

आलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता के साथ दिनदहाड़े मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में आज गुरुवार को बोरी नगर के व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर नगर बंद का आह्वान किया। व्यापारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार फरियादी दुर्गेश ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बोरी इमली चौक का निवासी है तथा लहसुन-प्याज बेचने का काम करता है।

दुर्गेश ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन दोपहर करीब 3:45 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल पर प्याज का थैला रखकर दुकान जा रहा था। इसी दौरान जैन मंदिर के सामने जितेंद्र, मुकेश और उनके दो साथी मिले। फरियादी के अनुसार, साइड से चलने की बात को लेकर आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल में लात मार दी और गाली-गलौज शुरू कर दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि गाली देने से मना करने पर जितेंद्र और मुकेश ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट आई। इसके बाद आरोपी उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने लगे। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी रोहित और दीपक के साथ भी चूलिया रोड पर पत्थरों से मारपीट की गई। इस हमले में रोहित के सिर तथा दीपक के सिर और पीठ पर चोटें आईं।

आरोपियों ने फालिया और गोफन दिखाकर जान से मारने की धमकी दी

फरियादी ने रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने फालिया और गोफन दिखाकर जान से मारने की धमकी दी तथा मारपीट के दौरान रोहित की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP-69-ZC-2707) और दुर्गेश की पल्सर मोटरसाइकिल (MP-09-VN-6884) अपने साथ ले गए। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में रोहित, संदीप और विशाल के नाम भी रिपोर्ट में दर्ज किए गए हैं। घटना के बाद घायलों का बोरी अस्पताल में उपचार कराया गया। इसके बाद फरियादी अपने साथियों के साथ बोरी थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से व्यापारियों में भय

बोरी पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115, 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के विरोध में बोरी नगर के व्यापारियों ने एकजुट होकर नगर बंद रखा। बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। व्यापारियों ने कहा कि दिनदहाड़े हुई इस घटना से व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा नगर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Share