इंदौर में बारिश का कहर: लसूड़िया नाले से युवक का शव बरामद, अहीरखेड़ी में बहे महेश चौहान की तलाश जारी
इंदौर बुधवार शाम को कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई थी। वहीं तेज बारिश में एक युवक जलभराव के कारण बह गया। लसूड़िया थाना क्षेत्र में आने वाले नाले में युवक का शव गरुवार सुबह बरामद कर लिया गया है। साथ ही अहीरखेड़ी में बहा युवक की अभी भी तलश जारी है।
पुलिस के अनुसार लसूड़िया मोरी निवासी 34 वर्षीय गोलू पुत्र आत्माराम पंवार बुधवार रात करीब 9 बजे तेज बारिश के बीच अपने पिता के लिए खाना लेकर जा रहा था। वह नाले के किनारे से गुजर रहा था, तभी तेज बहाव की चपेट में आकर पानी में बह गया। रात में उसे तलाशने की कोशिश की गई पर वह नहीं मिला।
SDERF के कमांडरों ने सुबह फ़ी से रेस्क्यू आपरेशन शुरू कर करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद गोलू का शव मिला। शव स्थानीय थाने को सौप दिया है। गोलू ईंट बनाने की फैक्टरी में काम करता था।
बहते पानी में कचरे में फसा मिला शव
गुरुवार सुबह रेस्क्यू टीम ने उसका शव पुल के पास कचरे में फंसा हुआ बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया है। कल रात से परिजनों ने काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की थी। रातभर आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था।
पुलिस चला रही सर्च अभियान
वहीं अहीरखेड़ी क्षेत्र में बुधवार को पानी के तेज बहाव में बहे युवक महेश चौहान का अब तक पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि महेश अपने दोस्त मनीष के साथ पुल की रपट पार कर रहा था। इसी दौरान दोनों तेज बहाव में बह गए। मनीष किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, जबकि महेश पानी में लापता हो गया।
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने बुधवार रात से ही आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू कर दिया था। गुरुवार सुबह भी राहत एवं बचाव दल लगातार महेश की तलाश में जुटा रहा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस और रेस्क्यू टीम का अभियान जारी है।