|

बांधवगढ़ में बाघ का हमला: घर में घुसकर महिला को बनाया शिकार, गुस्साए ग्रामीणों ने वन अमले को घेरा

बांधवगढ़ में बाघ का हमला: घर में घुसकर महिला को बनाया शिकार, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Umaria जिले के विश्व प्रसिद्ध Bandhavgarh Tiger Reserve के पनपथा रेंज क्षेत्र में शनिवार देर रात बाघ के हमले से दहशत फैल गई। ग्राम पनपथा में एक बाघ घर में घुस आया और हमला कर दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

मृतक महिला की पहचान फूल बाई पाल (48) पत्नी पहलू पाल, निवासी ग्राम पनपथा के रूप में हुई है। घटना देर रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। वहीं खेरवा टोला में भी बाघ के हमले में दशईया पाल समेत चार लोग घायल हुए हैं।

वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद वन विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। रविवार सुबह वन विभाग की टीम गांव पहुंची, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बाघ की गतिविधियां बढ़ रही थीं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।

गुस्साए ग्रामीणों ने रेंजरों को घेरा

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पनपथा रेंजर प्रतीक श्रीवास्तव के साथ मारपीट की, जिसमें उन्हें सिर समेत कई जगह चोटें आईं। वहीं महिला रेंजर अंजू वर्मा को भी ग्रामीणों ने घेर लिया और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई।

बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।

कांग्रेस नेत्री पहुंचीं गांव

घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेत्री एवं जनपद सदस्य रोशनी सिंह धुर्वे मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराने और महिला रेंजर को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक ग्रामीणों का आक्रोश बना रहा।

प्रशासन और पुलिस मौके पर तैनात

पनपथा क्षेत्र के एसडीओ भूरा गायकवाड़ ने बताया कि फिलहाल प्रशासन कानून-व्यवस्था की स्थिति संभालने में जुटा हुआ है। वहीं सूचना मिलने पर इंदवार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, घटना के बाद काफी देर तक महिला का शव घर के अंदर पड़ा रहा और बाघ आसपास ही मौजूद था, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।

Share

Similar Posts