सीएम डॉ. मोहन यादव आज सिंगरौली दौरे पर, 513 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को सिंगरौली जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले को 513 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और भव्य ‘सिंगरौली महोत्सव’ का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
दोपहर 1:30 बजे पहुंचेंगे सिंगरौली
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 1:30 बजे एनसीएल ग्राउंड हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सबसे पहले मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन करेंगे और इसके बाद भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
513 करोड़ की परियोजनाओं का होगा भूमिपूजन और लोकार्पण
मुख्यमंत्री उमंग भवन, एनटीपीसी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान जिले के विकास से जुड़ी 513 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं से जिले के बुनियादी ढांचे और विकास को नई गति मिलेगी।
उद्योग प्रतिनिधियों से करेंगे चर्चा
मुख्यमंत्री सूर्या गेस्ट हाउस में सिंगरौली के प्रमुख उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान जिले में औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
सिंगरौली महोत्सव का करेंगे शुभारंभ
शाम को मुख्यमंत्री राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम पहुंचकर जिले के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सिंगरौली महोत्सव का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे आमजन को संबोधित भी करेंगे।
महोत्सव की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ मशहूर गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति देंगे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम सिंगरौली में करेंगे और 24 मई की सुबह 8 बजे यहां से प्रस्थान करेंगे।





