721 साल बाद भोजशाला में शुक्रवार को महाआरती! वाग्देवी प्रतिमा रखकर हुआ पूजन, धार में हाई अलर्ट
721 साल बाद भोजशाला में शुक्रवार को महाआरती! वाग्देवी प्रतिमा रखकर हुआ पूजन
मध्य प्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला में शुक्रवार को लंबे अंतराल के बाद विशेष धार्मिक आयोजन देखने को मिला। उच्च न्यायालय के फैसले के बाद पहली बार शुक्रवार को यहां महाआरती और मां वाग्देवी का पूजन किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोजशाला पहुंचे और पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद पहला शुक्रवार
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने 15 मई को भोजशाला विवाद में फैसला सुनाते हुए परिसर को मंदिर घोषित किया था। इसके बाद यह पहला शुक्रवार रहा, जब हिंदू समाज को सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूजा-अर्चना का अधिकार मिला।
भोज उत्सव समिति ने परिसर में मां वाग्देवी की विशेष प्रतिमा स्थापित कर सुबह 9 बजे महाआरती आयोजित की।
पूजन-हवन के दौरान हल्की बहस
दोपहर में ज्योति मंदिर परिसर के बाहर पूजन-हवन के लिए हिंदू संगठनों के सदस्य एकत्रित हुए। प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर जाने को लेकर कुछ समय हल्की बहस भी हुई, जिसके बाद श्रद्धालु तय स्थान पर पहुंचे।
इस दौरान भोजशाला आंदोलन में जान गंवाने वाले कारसेवकों के परिजनों का सम्मान भी किया गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शहर बना छावनी
भोजशाला में धार्मिक गतिविधियों और संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे धार शहर में हाई अलर्ट घोषित किया गया। प्रशासन ने भोजशाला परिसर सहित संवेदनशील इलाकों में करीब दो हजार पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की है।
सुरक्षा व्यवस्था में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), पैरामिलिट्री फोर्स, एसडीएफ, स्पेशल टास्क फोर्स और घुड़सवार पुलिस को भी लगाया गया है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी सक्रिय है।
मुस्लिम पक्ष पहुंचा सुप्रीम कोर्ट
इस बीच मुस्लिम पक्ष ने उच्च न्यायालय के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। कमाल मौला वेलफेयर सोसाइटी की ओर से विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल की गई है। मुस्लिम पक्ष ने कहा है कि मामला संवैधानिक दायरे में लड़ा जाएगा और शांति बनाए रखी जाएगी।
प्रशासन की अपील
कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेश का पालन कराया जाएगा और माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।






