करीब दो दशक बाद फिर साथ आ सकते हैं अजय देवगन और अनुभव सिन्हा, नई फिल्म पर चर्चा तेज

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और निर्देशक अनुभव सिन्हा एक बार फिर साथ काम करने को लेकर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों करीब 19 साल बाद एक नई फिल्म के जरिए साथ आ सकते हैं। इससे पहले दोनों ने साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘कैश’ में साथ काम किया था, जो बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में निर्माता कुमार मंगत पाठक ने अजय देवगन और अनुभव सिन्हा की मुलाकात करवाई, जहां निर्देशक ने अभिनेता को अपनी तीन स्क्रिप्ट्स में से एक कहानी सुनाई। बताया जा रहा है कि यह कहानी अजय देवगन, कुमार मंगत और निर्माता भूषण कुमार को काफी पसंद आई है।
दिलचस्प बात यह है कि 2025 में दिए एक इंटरव्यू में अनुभव सिन्हा ने खुलासा किया था कि फिल्म ‘कैश’ के फ्लॉप होने के बाद अजय देवगन ने उनसे करीब 18 साल तक बात नहीं की थी। हालांकि, अब सूत्रों का दावा है कि दोनों के बीच कभी कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं था और समय के साथ रिश्ते सामान्य हो गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट बड़े बजट की एक्शन-ड्रामा फिल्म हो सकती है। कहा जा रहा है कि अजय देवगन ने अनुभव सिन्हा से फिल्म को भव्य स्तर पर तैयार करने की बात कही है। खास बात यह भी है कि अनुभव सिन्हा इस बार अपनी पारंपरिक गंभीर सामाजिक फिल्मों की शैली से अलग हटकर एक्शन से भरपूर कहानी पर काम कर रहे हैं।
यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो इस फिल्म की शूटिंग 2026 के आखिर तक शुरू हो सकती है। हालांकि, अभी तक इस प्रोजेक्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन दोनों की संभावित वापसी ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।






