|

अमेरिका में एयर शो के दौरान दो लड़ाकू विमान टकराए, चालक दल के चार सदस्य सुरक्षित, इवेंट रद

अमेरिका के उत्तर-पश्चिमी राज्य Idaho में आयोजित गनफाइटर स्काइज एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर एयर शो शुरू होने से पहले ही दो अमेरिकी लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए, जिसके बाद दोनों विमानों में आग लग गई और वे मलबे में तब्दील हो गए। राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों के चालक दल के सभी चार सदस्य सुरक्षित बच निकले।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे (स्थानीय समय) हुआ। एयर शो के दौरान रोमांचक प्रदर्शन कर रहे दोनों फाइटर जेट अचानक हवा में एक-दूसरे से टकरा गए और नीचे गिरते ही आग की चपेट में आ गए।

अमेरिकी नौसेना की प्रवक्ता कमांडर Amelia Umayam ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान यूएस नेवी के EA-18G Growler लड़ाकू विमान थे, जो इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129 से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि चारों क्रू मेंबर समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

67 मिलियन डॉलर कीमत वाले विमान हुए तबाह

अमेरिकी नौसेना के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त EA-18G Growler विमानों की कीमत करीब 67 मिलियन डॉलर प्रति यूनिट है। ये विमान वॉशिंगटन स्थित व्हिडबे आइलैंड बेस से तैनात किए गए थे और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमता से लैस माने जाते हैं।

हादसे के बाद एयर शो रद

हादसे के तुरंत बाद माउंटेन होम एयर फोर्स बेस को सील कर दिया गया और सुरक्षा कारणों से पूरे एयर शो को रद कर दिया गया। आयोजकों ने बताया कि किसी भी दर्शक या नागरिक को कोई चोट नहीं आई है।

एयर शो आयोजन समिति से जुड़ी मार्केटिंग डायरेक्टर किम साइक्स ने कहा कि “सभी लोग सुरक्षित हैं और यही सबसे अहम बात है।”

एयर शो का मुख्य आकर्षण था थंडरबर्ड्स प्रदर्शन

गौरतलब है कि यह लोकप्रिय एयर शो एविएशन इतिहास और आधुनिक सैन्य क्षमताओं के प्रदर्शन के लिए आयोजित किया जाता है। इसमें हवाई करतब, पैराशूट जंप और फाइटर जेट डेमोंस्ट्रेशन शामिल होते हैं। इस बार शो का मुख्य आकर्षण यूएस एयर फोर्स का फ्लाइट डेमोंस्ट्रेशन स्क्वाड्रन ‘Thunderbirds’ था, लेकिन हादसे के बाद कार्यक्रम रद कर दिया गया।

Share

Similar Posts