बिहार के सारण में नेत्र चिकित्सा को मिलेगा बड़ा बूस्ट, गौतम अडाणी करेंगे आई हॉस्पिटल परियोजना का भूमि पूजन

Gautam Adani रविवार को बिहार के सारण जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे मस्तिचक गांव में आयोजित एक महत्वपूर्ण भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
यह पहल Adani Foundation और Akhand Jyoti Eye Hospital के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीण भारत में किफायती और सुलभ नेत्र चिकित्सा सेवाओं का नेटवर्क विकसित करना है, ताकि दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान “अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल अडाणी सेंटर फॉर आई डिजीज” और “अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल अडाणी ट्रेनिंग सेंटर फॉर ऑपथैल्मिक मेडिसिन” की आधारशिला रखी जाएगी। इन संस्थानों को ग्रामीण क्षेत्रों में अंधापन और दृष्टि दोष जैसी समस्याओं के समाधान की दीर्घकालिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
इन केंद्रों का उद्देश्य केवल नेत्र उपचार सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि नेत्र चिकित्सा प्रशिक्षण और मानव संसाधन विकास को भी बढ़ावा देना है, जिससे भविष्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता बढ़ सके।
इस अवसर पर गौतम अडाणी के साथ Priti Adani, Pranav Adani, अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के संस्थापक एवं CEO मृत्युंजय तिवारी, एडवाइजरी बोर्ड चेयरमैन रविकांत, क्लीनिकल एवं रिसर्च एडवाइजरी बोर्ड चेयरमैन डॉ. राजवर्धन आजाद और मेडिकल डायरेक्टर डॉ. अजित कुमार पोद्दार भी मौजूद रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह पहल अडानी समूह के सामाजिक दर्शन “सेवा ही साधना है” से प्रेरित है। समूह शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह परियोजना प्रभावी ढंग से लागू होती है, तो बिहार सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और लाखों लोगों को गुणवत्तापूर्ण आई केयर सेवाओं का लाभ मिलेगा।





