मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, 40 जिलों में गर्म हवाओं का अलर्ट; 5 जिलों में तेज लू का ऑरेंज अलर्ट जारी

मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक तेज गर्मी और हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को प्रदेश के करीब 40 जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जबकि इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में 15 से 17 मई तक तीव्र लू (Severe Heatwave) का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच गर्मी का असर सबसे अधिक रहेगा, इसलिए लोगों को बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।
गुरुवार को भी प्रदेशभर में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। शाजापुर और छतरपुर के नौगांव में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा खरगोन में 44.6 डिग्री, खंडवा और रतलाम में 44.5 डिग्री, खजुराहो में 44.3 डिग्री, जबकि रायसेन और दमोह में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं भोपाल में 43.4 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, इंदौर में 43 डिग्री और ग्वालियर में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास और धार में वॉर्म नाइट (गर्म रात) का भी अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि रात के समय भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम रहेगी। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, छतरपुर, सतना, रीवा और सिंगरौली समेत कई जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है।
हालांकि, जबलपुर, कटनी, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा और बैतूल जैसे जिलों में तेज गर्मी बनी रहेगी, लेकिन वहां फिलहाल लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह से प्रदेश में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर बना हुआ था। 30 अप्रैल से 10 मई तक मौसम में बदलाव देखने को मिला, लेकिन अब मौसम साफ होने के साथ गर्मी ने फिर से तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।






