भोपाल में आज लगेंगे ‘संपर्क अभियान 2026’ के विशेष शिविर, बिजली शिकायतों का मौके पर होगा समाधान

भोपाल शहर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा “संपर्क अभियान 2026” के तहत गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष बिजली शिविर (Bhopal Electricity Camp) आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को त्वरित सेवा, शिकायतों का तत्काल समाधान और विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। शिविरों में त्रुटिपूर्ण बिजली बिल, मीटर रीडिंग, बिलिंग सुधार, स्मार्ट मीटर शिकायत, वोल्टेज समस्या और ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
इसके अलावा, उपभोक्ताओं को मात्र ₹5 में नए ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन, भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, एनओसी, बंद या खराब मीटर बदलने और बिजली बिल भुगतान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। कंपनी अग्रिम भुगतान पर छूट, बकाया राशि भुगतान और समाधान योजना की जानकारी भी देगी।
शिविरों में 4 काउंटर रहेंगे उपलब्ध
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शिविरों में चार अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं—
काउंटर 1 – हेल्प डेस्क: शिकायत दर्ज और टोकन वितरण।
काउंटर 2 – बिलिंग सुधार: गलत बिल, रीडिंग और बिलिंग संबंधी समस्याओं का समाधान।
काउंटर 3 – नया कनेक्शन व सेवाएं: ₹5 में कनेक्शन, भार वृद्धि और नाम परिवर्तन के आवेदन।
काउंटर 4 – तकनीकी सेवाएं व भुगतान: खराब मीटर, वोल्टेज समस्या और बिजली बिल भुगतान से जुड़ी सेवाएं।
इन क्षेत्रों में लगेंगे शिविर
भोपाल के अयोध्या नगर, आनंद नगर, करोंद, बैरागढ़, छोला, टीटी नगर, एमपी नगर, शाहपुरा, कटारा हिल्स, मिसरोद, अरेरा कॉलोनी, जहांगीराबाद, सिटी कोतवाली, कोटरा, दानिशकुंज, भदभदा और गांधीनगर समेत कई क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे, जहां बिजली उपभोक्ता अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।
उपभोक्ताओं को क्या लेकर जाना होगा?
शिविर में आने वाले उपभोक्ताओं को बिल सुधार के लिए नवीनतम बिजली बिल, मोबाइल नंबर, उपभोक्ता क्रमांक (IVRS) साथ लाना होगा। वहीं नए कनेक्शन के लिए समग्र आईडी, स्वामित्व दस्तावेज और पासपोर्ट साइज फोटो आवश्यक होंगे।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर बिजली शिकायत शिविर का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।






