गुजरात में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 72 IAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां

गुजरात सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 72 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव में विभिन्न जिलों के कलेक्टर, म्युनिसिपल कमिश्नर और कई सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
General Administration Department द्वारा बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, जामनगर म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के कमिश्नर डी.एन. मोदी को स्थानांतरित कर गांधीनगर विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं अहमदाबाद कलेक्टर सुजीत कुमार को स्टेट टैक्स विभाग का स्पेशल कमिश्नर बनाया गया है।
सूरत कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी को सिविल सप्लाई विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि भरूच कलेक्टर गौरांग मकवाणा को Gujarat Energy Development Agency का निदेशक बनाया गया है।
नर्मदा-राजपीपला के कलेक्टर संजय मोदी को गुजरात स्टेट ट्राइबल डेवलपमेंट रेसिडेंशियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन सोसायटी का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं मोरबी कलेक्टर किरण झवेरी को नडियाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन का नया कमिश्नर बनाया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत जूनागढ़ कलेक्टर अनिल कुमार रणवासिया को कच्छ-भुज का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। कच्छ-भुज में तैनात आनंद बाबूलाल पटेल को गांधीनगर में स्कूलों का आयुक्त बनाया गया है। साथ ही उन्हें पीएम-पोषण योजना और Gujarat Council of Educational Research and Training के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मार्च महीने में भी गुजरात सरकार ने तीन आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए थे। तब जामनगर, सुरेंद्रनगर और गांधीनगर में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की गई थी।






