तिरुप्पुर में भीषण सड़क हादसा, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी समेत 6 लोगों की मौत

Tiruppur जिले के वेल्लाकोविल-करूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस चेक पोस्ट के पास एक ट्रक सड़क के डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी रविचंद्रन ट्रक को सड़क से हटाने में जुटे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रक से जा टकराई।
इस दर्दनाक हादसे में पुलिसकर्मी रविचंद्रन, ट्रक चालक और कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
Vellakovil Police ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






