दिल्ली के विवेक विहार में चार मंजिला इमारत बनी लाक्षागृह, भीषण आग में 9 लोगों की दर्दनाक मौत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक भीषण आग ने चार मंजिला रिहायशी इमारत को लाक्षागृह में बदल दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 3:48 बजे विवेक विहार थाना को पीसीआर कॉल के जरिए आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। मौके पर पहुंचने पर इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल से तेज लपटें उठती दिखाई दीं।
दमकल विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, दो लोग मामूली रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग पर काबू पाने के लिए 12 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया, लेकिन आग बुझाने में कई घंटे लग गए। दमकल विभाग के प्रवक्ता ए.के. मलिक के अनुसार, हादसे में मरने वालों की संख्या 9 हो चुकी है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आग इमारत के छह फ्लैटों में फैल गई थी। राहत अभियान के दौरान पहली मंजिल से 1 शव, दूसरी मंजिल से 5 शव और सीढ़ियों के ऊपर बनी बंद मुमटी से 3 शव बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि मुमटी बंद होने के कारण वहां पहुंचे लोग बाहर नहीं निकल सके और धुएं व आग में फंस गए।
सूत्रों के अनुसार, आग लगने की वजह एसी में विस्फोट हो सकती है, हालांकि दमकल विभाग शॉर्ट सर्किट सहित अन्य कारणों की भी जांच कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस घटना के बाद इमारत की फायर सेफ्टी व्यवस्था, निर्माण मानकों और सुरक्षा नियमों की भी गहन जांच की जाएगी। यदि किसी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर राजधानी में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।






