फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बाद संन्यास लेंगे मेक्सिको के दिग्गज गोलकीपर गिलर्मो ओचोआ

मेक्सिको के दिग्गज गोलकीपर गिलर्मो ओचोआ ने घोषणा की है कि वह फीफा विश्व कप 2026 के बाद राष्ट्रीय टीम से संन्यास ले लेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि यह टूर्नामेंट उनके पेशेवर करियर का भी अंतिम पड़ाव हो सकता है।
41 वर्ष की उम्र में विश्व कप खेलने की तैयारी कर रहे ओचोआ अब तक पांच विश्व कप में हिस्सा ले चुके हैं और छठे विश्व कप में खेलने की संभावना भी जताई जा रही है, हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
वर्तमान में साइप्रस के क्लब एईएल लिमासोल के लिए खेल रहे ओचोआ ने एक इंटरव्यू में कहा कि राष्ट्रीय टीम से उनका विदाई लेना तय है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक खेल का आनंद लेने के बाद अब वह संतोष के साथ विदा लेने के लिए तैयार हैं।
ओचोआ ने कहा, “संन्यास लेना आसान नहीं होता, लेकिन मैंने इस खेल को भरपूर जिया है। एक समय आता है जब आपका मन और शरीर संकेत देते हैं कि आपने अपना सर्वश्रेष्ठ दे दिया है, और फिर आप संतोष के साथ विदा लेते हैं।”
गौरतलब है कि ओचोआ उन चार मेक्सिकन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने पांच विश्व कप खेले हैं। इस सूची में एंटोनियो कार्बाजाल, राफेल मार्केज और आंद्रेस गुआर्डाडो भी शामिल हैं।
यदि ओचोआ 2026 विश्व कप में खेलते हैं, तो वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी की तरह छह विश्व कप खेलने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम में उन्हें युवा गोलकीपर राउल “टाला” रेंगल के बैकअप के रूप में देखा जा रहा है। वहीं मेक्सिको के कोच जेवियर एग्विरे ने टीम में विदेशी लीग में खेलने वाले एक अनुभवी गोलकीपर के लिए स्थान रखा है, जिसमें ओचोआ प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
फीफा विश्व कप 2026 का आयोजन मेक्सिको, अमेरिका और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा, जो इस दिग्गज खिलाड़ी के करियर का ऐतिहासिक समापन बन सकता है।






