| |

भीषण गर्मी के बीच यूपी में स्कूलों का समय बदला, सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक पढ़ाई

लखनऊ में बढ़ती भीषण गर्मी और लू के असर को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव किया है। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने सभी जिलों को निर्देश जारी करते हुए परिषदीय विद्यालयों के नए समय की घोषणा की है।

नए आदेश के अनुसार अब प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में पढ़ाई सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। वहीं प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक कराया जाएगा। मध्यावकाश का समय सुबह 10 बजे से 10:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।

शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारी अब विद्यालय में सुबह 7:30 से 1:30 बजे तक उपस्थित रहकर शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों का संचालन करेंगे।

मौजूदा समय में प्रदेश के स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित हो रहे थे, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण यह बदलाव किया गया है। कई जिलों में पहले ही स्थानीय स्तर पर समय परिवर्तन लागू कर दिया गया था।

इसी तरह उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद ने भी आदेश जारी करते हुए मदरसों का समय बदल दिया है। अब मदरसों में पढ़ाई सुबह 7 बजे से 12:30 बजे तक होगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने पहले ही कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में यह कदम छात्रों और शिक्षकों को गर्मी के प्रभाव से राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Share

Similar Posts