| |

मध्यप्रदेश में बढ़ा गर्मी का प्रकोप, तापमान में 4°C उछाल, रतलाम सबसे गर्म

Madhya Pradesh में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेशभर में सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर के समय तापमान और अधिक बढ़ जा रहा है। हालात यह हैं कि अधिकतम तापमान में औसतन 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। शनिवार को प्रदेश के 18 शहरों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान रतलाम में 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि नर्मदापुरम, धार, खरगोन और गुना जैसे शहर भी 39 डिग्री के आसपास रहे।

बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। उज्जैन में 38 डिग्री, इंदौर में 37.6 डिग्री, भोपाल में 36.8 डिग्री, जबलपुर में 36.6 डिग्री और ग्वालियर में 35.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 अप्रैल से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय हो सकता है, लेकिन इसका असर कमजोर रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए दोपहर के समय धूप से बचने, अधिक पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। साथ ही हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

गौरतलब है कि अप्रैल के शुरुआती दिनों में प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली थी, लेकिन अब मौसम पूरी तरह बदल चुका है और आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

Share

Similar Posts