सलमान खान ने नई फिल्म का किया ऐलान, साउथ के निर्देशक के साथ करेंगे बड़ा प्रोजेक्ट

बॉलीवुड सुपरस्टार Salman Khan ने अपनी अगली बड़ी फिल्म को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए आधिकारिक घोषणा करते हुए मशहूर निर्माता Dil Raju और निर्देशक Vamshi Paidipally के साथ अपने नए प्रोजेक्ट का ऐलान किया है। इस घोषणा के बाद फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है।
सलमान खान ने अपने पोस्ट में लिखा, “दिल, दिमाग और जिगर से… इस अप्रैल से निर्देशक वामशी और निर्माता दिल राजू के साथ।” इस बयान से साफ हो गया है कि फिल्म की शूटिंग अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है। वामशी पेडिपल्ली इससे पहले ‘महर्षि’ और ‘वारिसु’ जैसी सफल फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं, जबकि दिल राजू साउथ भारतीय सिनेमा के बड़े और सफल निर्माताओं में गिने जाते हैं।
यह फिल्म कई मायनों में खास मानी जा रही है, क्योंकि इसके साथ वामशी पेडिपल्ली हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि वह अपनी पहली ही बॉलीवुड फिल्म में सलमान खान को निर्देशित करेंगे। इस प्रोजेक्ट का निर्माण श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स के बैनर तले किया जाएगा और इसे बड़े स्तर पर तैयार करने की योजना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म में सलमान खान एक बिल्कुल नए और अनोखे अवतार में नजर आएंगे, जो उनके फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज होगा। इसके अलावा अभिनेता इन दिनों ‘मातृभूमि’ को लेकर भी चर्चा में हैं, जो गलवान घाटी संघर्ष से प्रेरित बताई जा रही है।






