|

ईरान में ऑयल डिपो हमलों के बाद ‘ब्लैक रेन’ का खतरा, WHO ने जारी की स्वास्थ्य चेतावनी

ईरान में तेल ठिकानों पर हुए हमलों के बाद वातावरण में फैले जहरीले धुएं के कारण ‘ब्लैक रेन’ (जहरीली बारिश) का खतरा बढ़ गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने लोगों के लिए स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है।

डब्ल्यूएचओ के अनुसार ऑयल डिपो पर हुए हमलों के बाद वातावरण में बड़ी मात्रा में जहरीले रसायन फैल गए हैं। इनमें टॉक्सिक हाइड्रोकार्बन, सल्फर ऑक्साइड और नाइट्रोजन यौगिक शामिल हैं। इन रसायनों के कारण बारिश के साथ तेल मिश्रित कण गिरने की आशंका है, जिसे आम तौर पर ब्लैक रेन कहा जाता है।

स्वास्थ्य पर पड़ सकता है गंभीर असर

डब्ल्यूएचओ ने चेतावनी दी है कि इस तरह के प्रदूषण के संपर्क में आने से लोगों को सांस लेने में परेशानी, सिरदर्द, आंखों में जलन और त्वचा में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार यदि कोई व्यक्ति लंबे समय तक ऐसे जहरीले वातावरण के संपर्क में रहता है, तो इससे कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है

लोगों को घरों में रहने की सलाह

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए WHO ने ईरान के नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। संगठन ने लोगों को संभव हो तो घरों के अंदर रहने, प्रदूषित बारिश से बचने और मास्क जैसे सुरक्षात्मक उपाय अपनाने की सलाह दी है।

पर्यावरण पर भी पड़ सकता है असर

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तेल ठिकानों पर लगी आग और धुएं पर जल्द काबू नहीं पाया गया, तो इसका असर न केवल मानव स्वास्थ्य बल्कि आसपास के क्षेत्रों के पर्यावरण पर भी लंबे समय तक पड़ सकता है

इस स्थिति से मिट्टी, जल स्रोत और हवा सभी प्रभावित हो सकते हैं, जिससे आने वाले समय में व्यापक पर्यावरणीय संकट पैदा होने की आशंका है।

Share

Similar Posts