कोलकाता में मिथिला विभूति पर्व 2026 का आयोजन, सांस्कृतिक चेतना और सम्मान का संगम

कोलकाता में मिथिला की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक योगदान को समर्पित मिथिला विभूति पर्व 2026 का भव्य आयोजन आगामी 25 जनवरी (रविवार) को किया जाएगा। इस कार्यक्रम का संयोजन मिथिला सेवा ट्रस्ट, कोलकाता द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन बागुईआटी के जर्दा बागान स्थित बंधु महल क्लब प्रांगण में होगा। इस अवसर पर सम्मान अर्पण समारोह के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।

दो दिवसीय आयोजन का शुभारंभ 24 जनवरी (शनिवार) को प्रातः सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं अखंड अष्टयाम संकीर्तन से होगा। 25 जनवरी को महाकवि विद्यापति की स्मृति में मिथिला विभूति पर्व का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मैथिली समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर बाबू साहेब चौधरी सम्मान तलेश्वर झा को, मिथिला संकीर्तन मंडली सम्मान उदय नाथ झा को, जानकी संतति सम्मान संतोष कुमार ठाकुर ‘मधुप’ को तथा मिथि-बंग गौरव सम्मान अदिति मुंशी को प्रदान किया जाएगा।

सम्मान समारोह के साथ-साथ मिथिला लोक संस्कृति पर आधारित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी, जो दर्शकों को मिथिला की समृद्ध परंपराओं से परिचित कराएंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल के पूर्व चीफ आर्किटेक्ट प्रसाद रंजन दास सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

मिथिला सेवा ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष रमाकांत झा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बंगाल में मिथिला की भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सशक्त रूप से प्रस्तुत करना और समाज के प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों को सम्मानित कर नई पीढ़ी को प्रेरित करना है। आयोजकों ने सभी संस्कृति प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Share

Similar Posts