भोपाल में आज से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय दिव्यांग स्पर्श मेला शुरू

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय दिव्यांग स्पर्श मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक संस्थान परिसर में बुधवार से शुरू होकर 23 जनवरी तक चलेगा।

जनसम्पर्क अधिकारी अनिल वशिष्ठ के अनुसार, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह आज सुबह 11 बजे मेले का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

इस राज्य स्तरीय मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों को मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभाओं को सामने लाना और समाज में उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना है। मेले के दौरान दिव्यांगजनों के लिए जागरूकता, सहभागिता और समावेशन को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

सरकार की मंशा है कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से दिव्यांगजन सशक्तिकरण को और मजबूती मिले तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। राज्य स्तरीय इस आयोजन में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और उनके परिजन शामिल होने की संभावना है।

Share

Similar Posts