रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज लखनऊ दौरे पर, ईवी फैक्ट्री का करेंगे उद्घाटन

रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह आज अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे शहर के सरोजिनी नगर क्षेत्र में स्थापित अशोक लेलैंड इलेक्ट्रिक व्हीकल फैक्ट्री का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी के भी उपस्थित रहने की संभावना है। कार्यक्रम को राज्य और केंद्र सरकार की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और औद्योगिक विकास नीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सितंबर 2023 में अशोक लेलैंड के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए थे। मात्र 14 महीनों की रिकॉर्ड अवधि में इस विश्व-स्तरीय इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण संयंत्र की स्थापना पूरी की गई, जो राज्य में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
यह फैक्ट्री मेक इन इंडिया, ग्रीन मोबिलिटी और नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन जैसे राष्ट्रीय लक्ष्यों को मजबूती प्रदान करेगी। साथ ही, इससे लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।






