भारत-रूस शिखर सम्मेलन: रक्षा से व्यापार तक कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच नई दिल्ली में बैठक के बाद रक्षा, व्यापार, अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और मीडिया से संबंधित क्षेत्रों सहित कई समझौतों पर हस्ताक्षर किये गए। नई दिल्ली में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन की यात्रा ऐसे समय में हुई है जब भारत के साथ कई ऐतिहासिक संबंधों में विशेष प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में विश्व ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। इन सबके बीच भारत-रूस के संबंध समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनो देश यूरिया उत्पादन में घनिष्ठ सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि लगभग 25 वर्ष पहले राष्ट्रपति पुतिन ने भारत-रूस की कार्यनीतिक साझेदारी की आधारशिला रखी थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 वर्ष पहले 2010 में साझेदारी को विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त कार्यनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ा दिया गया।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने 2030 तक भारत-रूस आर्थिक सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्रों के विकास के एक कार्यक्रम को मंजूरी दी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा और आपसी हित के क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।






