पीएम मोदी ने शारदीय नवरात्र पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व साहस, संयम और संकल्प के भक्ति-भाव से भरा हुआ है, जो हर किसी के जीवन में नई शक्ति और विश्वास लेकर आए।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा – “आप सभी को नवरात्रि की अनंत शुभकामनाएं। साहस, संयम और संकल्प के भक्ति-भाव से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई शक्ति और नया विश्वास लेकर आए।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की विशेष पूजा-अर्चना का महत्व है और माता के आशीर्वाद से हर किसी का जीवन सौभाग्य और आरोग्य से परिपूर्ण रहे।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने नवरात्रि के अवसर पर GST बचत उत्सव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस बार नवरात्रि का यह अवसर विशेष है क्योंकि स्वदेशी के मंत्र को नई ऊर्जा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।






