पीएम मोदी का आज अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम कई बड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में प्रधानमंत्री 5,100 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसमें 3,700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दो हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट शामिल हैं — 240 मेगावाट का हीओ हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट और 186 मेगावाट का टाटो-फर्स्ट हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट। इसके अलावा, पीएम मोदी तवांग में 9,820 फीट की ऊंचाई पर बनने वाले अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का शिलान्यास करेंगे। 1,500 प्रतिनिधियों की क्षमता वाला यह सेंटर पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। प्रधानमंत्री कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी 1,290 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं की शुरुआत भी करेंगे। इसके बाद वह त्रिपुरा के गोमती जिले के उदयपुर जाएंगे, जहां 51 शक्तिपीठों में से एक माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर परिसर में विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे और माता की पूजा-अर्चना भी करेंगे।
📸 फोटो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)






