|

चुनाव के नामांकन प्रक्रिया में उत्साहजनक सहभागिता के बाद प्रधानमंत्री कार्की ने जताया आभार

नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने आगामी संसदीय चुनावों में उत्साहपूर्वक नामांकन दाखिल करने वाले सभी उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेपाल सरकार चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और विश्वसनीय वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी ईमानदारी और क्षमता के साथ प्रयासरत है।

प्रधानमंत्री कार्की ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी सुरक्षा संयंत्र उच्च सतर्कता के साथ परिचालित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव प्रक्रिया में दिखाई दे रही उत्साह और प्रतिबद्धता केवल राजनीतिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि निजी क्षेत्र और समग्र अर्थव्यवस्था में भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रही है।

प्रधानमंत्री ने यह उल्लेख किया कि 165 पदों के लिए 3,400 से अधिक उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दायर करना लोकतांत्रिक व्यवस्था में गहरे विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय उत्साह दर्शाता है कि नेपाली जनता लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए सजग और सक्षम है

नेपाली संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 20 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संपन्न हुई। 165 सीटों के लिए कुल 3,428 उम्मीदवारों ने नामांकन किया, जिनमें 391 महिलाएँ शामिल हैं।

नामांकन के बाद आपत्ति दर्ज कराने का समय 21 जनवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक था। उम्मीदवार 23 जनवरी को दोपहर 1 बजे तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। अंतिम सूची उसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद प्रकाशित की जाएगी और उम्मीदवारों को आधिकारिक चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतदान 5 मार्च को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।

प्रतिनिधि सभा की कुल 275 सीटों में से 165 सीटें प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से भरी जाती हैं, जबकि शेष सीटें समानुपातिक पद्धति से आबंटित की जाती हैं।

प्रधानमंत्री कार्की ने नागरिक समाज, राजनीतिक दलों और मीडिया की रचनात्मक भूमिका को भी चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण बताया और सभी को लोकतांत्रिक महाकुंभ में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।

Share

Similar Posts