इंदौर जिले में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया

इंदौर, 01 अक्टूबर 2025 – इंदौर जिले में आज अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। बुजुर्गों के सम्मान में जिले भर में समर्पित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम कल्याण मित्र समिति आस्था वृद्धाश्रम में सांसद श्री शंकर लालवानी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 134 वरिष्ठजनों का सम्मान उनके घर जाकर जिला प्रशासन और नगर निगम टीम द्वारा किया गया।
जिला स्तरीय सम्मान में सांसद श्री शंकर लालवानी ने हार-फूल, शाल और श्रीफल देकर वरिष्ठजनों का सम्मान किया। इसके अलावा वरिष्ठजनों के लिए खेलकूद और मनोरंजन कार्यक्रम, प्रशंसा पत्र वितरण और वरिष्ठ नागरिक परामर्श केन्द्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।
विशेष रूप से श्री पुंडरिक राव बियाबानी (93 वर्ष) के देहदान के संकल्प को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रियंवदा अरजरिया ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण पोषण एवं संरक्षण अधिनियम 2007 की जानकारी दी और हेल्पलाइन 14567 के माध्यम से वरिष्ठजनों की समस्याओं के समाधान के बारे में बताया।
कार्यक्रम में संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय श्री पवन चौहान, श्रीमती मनीषा सोजातिया, पी.के. दीक्षित, के.के. बिडला, श्रीमती छाया मटंगे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायतों में कलारिया, पिवडाय, माचला और नगरीय क्षेत्रों में वरिष्ठजनों का घर-घर जाकर सम्मान किया गया, जिससे परिजन अभिभूत हुए और जिला प्रशासन की सराहना की।







