|

सागर में 14 नग सागौन लकड़ी जब्त: तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया; वन अपराध प्रकरण दर्ज

केसली। वन विभाग ने 14 नग सागौन की लकड़ी जब्त की है। विभाग ने यह कार्रवाई सागौन इमारती काष्ठ के अवैध परिवहन के खिलाफ की। जब्त सागौन की कुल मात्रा 1.710 घन मीटर है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मौके पर पहुंचकर गिरफ्तार किया 
यह कार्रवाई 7 अगस्त की रात 1:30 बजे की गई। पीडब्ल्यूडी तिराहा, सहजपुर-केसली मार्ग पर वाहन को जब्त किया। वन विभाग की टीम को अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर अशोक लीलैंड पिकअप क्रमांक MP 17 ZJ 9179 और सीटी 100 मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 NA 1996 को पकड़ा।

इनपर हुई कारवाई
कार्रवाई के दौरान मौके पर मिले देवेंद्र पिता डेलन सिंह लोधी उम्र 24 वर्ष निवासी सिमरिया, अमित पिता श्रीराम लोधी उम्र 22 वर्ष निवासी चौरई तहसील गढ़ाकोटा तथा साहब सिंह पिता बहादुर सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी चौरई तहसील गढ़ाकोटा के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

वाहन और लकड़ी वन विभाग की अभिरक्षा में
आरोपियों पर भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है। वन विभाग ने कार्रवाई के बाद दोनों वाहनों को जब्त किया। 1.710 घन मीटर सागौन इमारती लकड़ी को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share