रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हल्द्वानी दौरे पर, धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर जनसभा को करेंगे संबोधित

उत्तराखंड में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं, जहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज नैनीताल जनपद के हल्द्वानी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे एक महत्वपूर्ण जनसभा को संबोधित करेंगे।
यह कार्यक्रम राज्य में पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होने वाले इस आयोजन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
रक्षा मंत्री इस जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार अपनी उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को जनता के सामने प्रस्तुत करेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राजनाथ सिंह दोपहर 12:10 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर के जरिए 12:40 बजे हल्द्वानी के आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर करीब 12:55 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।
जनसभा के बाद रक्षा मंत्री दोपहर 2:15 बजे आर्मी हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 2:55 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे 3:25 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
गौरतलब है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उनका सैनिक स्कूल घोड़ाखाल का दौरा भी प्रस्तावित था, जिसे अब रद्द कर दिया गया है।
इस दौरे को आगामी राजनीतिक परिदृश्य के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।






